संवाददाता | कालपी (जालौन)
कालपी (जालौन)। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रभारी निरीक्षक कालपी द्वारा कोतवाली परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, ताजियादारों, धर्मगुरुओं एवं विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
प्रभारी निरीक्षक ने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि मुहर्रम के दौरान कोई नई परंपरा न डाली जाए तथा पूर्व से चली आ रही परंपराओं के अनुसार ही कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि सभी लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द की भावना बनाए रखें तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
बैठक में जुलूस मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन, विद्युत व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जुलूस निर्धारित मार्ग और तय समय के अनुसार ही निकाले जाएंगे तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दिया जाए।
प्रशासन ने लोगों से सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक या भड़काऊ संदेश साझा न करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या समस्या की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, ताजियादार, अखाड़ा संचालक, धर्मगुरु, सामाजिक कार्यकर्ता तथा पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का संकल्प लिया।