संवाददाता
उरई/जालौन
माननीय मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पित नवीन तहसील उरई परिसर में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से जनसुनवाई कर दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। इस दौरान अधिकारियों ने प्रत्येक शिकायत के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 68 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 16 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर शिकायतकर्ताओं को तत्काल राहत प्रदान की गई, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस शासन की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है, जिसका उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, प्रभावी एवं पारदर्शी समाधान उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष जांच की जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में देरी अथवा उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक प्राप्त कर उसकी संतुष्टि की भी पुष्टि की जाए, ताकि शासन की जनसुनवाई व्यवस्था अधिक प्रभावी एवं विश्वासपूर्ण बन सके।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करते हुए अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, कानून-व्यवस्था तथा अन्य पुलिस संबंधी मामलों का निष्पक्ष, संवेदनशील एवं त्वरित निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले में तथ्यों के आधार पर कार्रवाई कर आमजन का पुलिस प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत किया जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों ने मौके पर उपस्थित फरियादियों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की मंशा के अनुरूप जनता की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जवाबदेह एवं जनोन्मुख बनाना रहा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एच.एन. प्रसाद, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, तहसीलदार श्रीश मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।