संवाददाता | कानपुर देहात
मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत दिनांक 23.04.2026 को पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपदीय थाना पुलिस द्वारा बाजारों, सार्वजनिक स्थानों तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस अभियान के दौरान सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों तथा अपराधों से बचाव के उपायों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
पुलिस टीमों द्वारा अभियान के दौरान महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई, जिनमें 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी हेल्पलाइन) एवं 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त महिलाओं को UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का त्वरित लाभ लेने तथा सोशल मीडिया पर बढ़ते साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग एवं फर्जी प्रोफाइल/खातों से होने वाली धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों जैसे POCSO एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा साइबर अपराधों से संबंधित सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के प्रावधानों के बारे में भी जागरूक किया गया।
पुलिस विभाग ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत यह अभियान निरंतर चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित, सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना है तथा समाज में अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को मजबूत करना है।
कानपुर देहात पुलिस ने अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा या अपराध की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाने या हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें और सुरक्षित समाज के निर्माण में सहयोग दें।