कानपुर देहात। मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद की थाना पुलिस द्वारा बाजारों, सार्वजनिक स्थानों, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक किया गया। अभियान के दौरान सैकड़ों महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों और अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
जागरूकता अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने महिलाओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी, जिनमें 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी हेल्पलाइन) और 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) शामिल हैं।
इसके साथ ही महिलाओं और बालिकाओं को UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का त्वरित लाभ उठाने के तरीके भी बताए गए। पुलिस कर्मियों ने सोशल मीडिया पर बढ़ रहे साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल या खातों के माध्यम से धोखाधड़ी से बचाव के बारे में भी व्यावहारिक जानकारी दी।
अभियान के दौरान महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के बारे में भी जागरूक किया गया। उन्हें POCSO एक्ट (बाल यौन शोषण से संरक्षण), दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत उपलब्ध कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और समाज में सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।
कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं और बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा या अपराध की स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें, ताकि समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके। पुलिस का लक्ष्य एक सुरक्षित, सम्मानजनक और सशक्त समाज का निर्माण करना है।