प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित, कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया

कानपुर देहात। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के अंतर्गत मा0 मुख्यमंत्री जी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के लगभग 90,000 लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से प्रथम किस्त के रूप में कुल ₹900 करोड़ की अनुदान राशि का अंतरण किया गया।

जनपद कानपुर देहात के 924 लाभार्थियों को इस अनुदान राशि का लाभ प्राप्त हुआ। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण माननीय जनप्रतिनिधियों, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी दिग्विजय सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष और संबंधित विभागों के अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में उपस्थित लाभार्थियों ने देखा और सुना।

उपस्थित सभी लोगों ने मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना और सरकार की इस महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और मुख्य विकास अधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के चयनित लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने लाभार्थियों को योजना से संबंधित विभिन्न पहलुओं के बारे में जानकारी दी और उन्हें समझाया कि यह योजना उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य कर रही है। अधिकारियों ने यह भी निर्देशित किया कि आवास निर्माण की प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी की जाए, ताकि सभी पात्र लाभार्थियों को शीघ्र योजना का पूरा लाभ मिल सके।

इस अवसर पर परियोजना अधिकारी डूडा अजय कुमार, संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *