मिशन शक्ति 5.0 के तहत कानपुर देहात पुलिस का जागरूकता अभियान, महिलाओं को दिए सुरक्षा व कानूनी अधिकारों के बारे में जानकारी

संवाददाता
कानपुर देहात

महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में कानपुर देहात पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 5.0 के तहत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।

इस अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा बाजारों, सार्वजनिक स्थानों तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा योजनाओं, हेल्पलाइन नंबरों, कानूनी अधिकारों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में जानकारी देना है। इस दौरान महिलाओं को 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी हेल्पलाइन) और 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।

इसके साथ ही UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ उठाने की प्रक्रिया भी बताई गई। पुलिस टीमों ने महिलाओं को सोशल मीडिया और इंटरनेट पर होने वाले साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग और फर्जी खातों से होने वाली धोखाधड़ी से बचने के लिए आवश्यक सावधानियां भी बताईं।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को POCSO एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा अधिनियम तथा साइबर क्राइम से संबंधित आईटी एक्ट के बारे में भी जानकारी दी गई, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रह सकें और आवश्यकता पड़ने पर कानूनी सहायता प्राप्त कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *