संवाददाता, कानपुर देहात।
पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद की थाना पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत बाजारों, सार्वजनिक स्थानों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया।
इस अभियान के माध्यम से सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों तथा विभिन्न अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
अभियान के दौरान पुलिस टीम द्वारा महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई, जिनमें 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी हेल्पलाइन) तथा 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त महिलाओं को UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का त्वरित लाभ लेने के बारे में बताया गया। साथ ही सोशल मीडिया पर बढ़ते साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल/खातों के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी से बचाव के बारे में भी व्यावहारिक जानकारी दी गई।
पुलिस द्वारा महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के संबंध में भी जागरूक किया गया। इस दौरान POCSO एक्ट (बाल यौन शोषण से संरक्षण), दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के बारे में जानकारी दी गई।
मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सशक्त और सुरक्षित महसूस कराना तथा अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को मजबूत करना है।
कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा या अपराध की स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें, ताकि समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।