मिशन शक्ति फेज-5 के तहत महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर चलाया गया जागरूकता अभियान

संवाददाता | कानपुर देहात

जनपद कानपुर देहात में मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत 15 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा अपराधों से बचाव के संबंध में जागरूक किया। इस दौरान सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देते हुए आवश्यकता पड़ने पर उनका तत्काल उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने महिला हेल्पलाइन-181, महिला शक्ति लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, आपातकालीन सेवा-112 तथा अन्य आवश्यक पुलिस सेवाओं की जानकारी दी। साथ ही UPCOP ऐप के माध्यम से उपलब्ध ऑनलाइन पुलिस सेवाओं के उपयोग के बारे में भी विस्तार से बताया गया।

जागरूकता अभियान के दौरान महिलाओं को सोशल मीडिया एवं इंटरनेट के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों, जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल, ऑनलाइन धोखाधड़ी एवं साइबर फ्रॉड से बचाव के व्यावहारिक उपाय भी बताए गए। इसके अलावा पॉक्सो (POCSO) अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम के तहत महिलाओं को प्राप्त कानूनी अधिकारों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

कानपुर देहात पुलिस ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करना है। अभियान के माध्यम से समाज में सुरक्षा के प्रति विश्वास बढ़ाने तथा अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति को प्रभावी बनाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस प्रशासन ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में बिना संकोच निकटतम पुलिस थाने अथवा संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर तत्काल संपर्क करें, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *