मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और कानूनी अधिकारों को लेकर चलाया गया जागरूकता अभियान

कानपुर देहात | संवाददाता

मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत 5 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करते हुए उन्हें सुरक्षा, आत्मरक्षा तथा कानून से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।

अभियान के माध्यम से सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों तथा विभिन्न प्रकार के अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने महिलाओं को आपातकालीन स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी हेल्पलाइन) तथा 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।

इसके साथ ही UPCOP ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं को बताया गया कि वे घर बैठे विभिन्न पुलिस सेवाओं का लाभ उठा सकती हैं। सोशल मीडिया और इंटरनेट पर बढ़ रहे साइबर अपराधों, जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल तथा फर्जी खातों के माध्यम से होने वाली ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के व्यावहारिक उपायों के बारे में भी विस्तार से जागरूक किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को पॉक्सो (POCSO) अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त कानूनी अधिकारों की जानकारी देते हुए किसी भी प्रकार की घटना होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करने की अपील की।

पुलिस विभाग ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत उत्तर प्रदेश पुलिस महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मविश्वासी एवं सुरक्षित महसूस कराना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा महिलाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को प्रभावी ढंग से लागू करना है।

कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न अथवा अपराध की स्थिति में बिना संकोच निकटतम पुलिस थाने या संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें, ताकि समय रहते उन्हें आवश्यक सहायता एवं सुरक्षा उपलब्ध कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *