कानपुर देहात | संवाददाता
मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत दिनांक 08 मई 2026 को पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद की थाना पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस अभियान के तहत बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया गया। अभियान के माध्यम से सैकड़ों महिलाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों तथा अपराधों से बचाव के उपायों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
इस दौरान महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर जैसे 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी सेवा) एवं 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) की जानकारी भी साझा की गई। साथ ही, UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का त्वरित लाभ उठाने के तरीके बताए गए।
अभियान में साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग और फर्जी प्रोफाइल/खातों से होने वाली धोखाधड़ी से बचाव के बारे में भी व्यावहारिक जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के बारे में जागरूक करते हुए पॉक्सो एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की जानकारी प्रदान की गई।
मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान निरंतर चलाया जा रहा है।
कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा या अपराध की स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें, ताकि समय रहते सहायता उपलब्ध कराई जा सके।