संवाददाता | उरई/जालौन
जनपद में भीषण गर्मी के दृष्टिगत गोवंशों की सुरक्षा एवं समुचित देखभाल सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने विकासखंड डकोर के ग्राम पिया निरंजनपुर स्थित बृहद गौशाला का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विशेष रूप से गोवंशों के लिए पर्याप्त एवं स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि चरही में प्रतिदिन शीतल एवं साफ पानी उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही से पशुओं को असुविधा न हो।
इसके साथ ही उन्होंने गौशाला में 05 एकड़ क्षेत्र में की गई हरे चारे की बुवाई का अवलोकन किया और निर्देशित किया कि गोवंशों को नियमित रूप से हरा चारा उपलब्ध कराया जाए, जिससे उनके स्वास्थ्य में सुधार बना रहे।
जिलाधिकारी ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए एक अतिरिक्त शेड के निर्माण के निर्देश भी दिए, ताकि गोवंशों को पर्याप्त छाया मिल सके और वे तेज धूप से सुरक्षित रह सकें। निरीक्षण के दौरान भूसा, चना, चोकर एवं अन्य पशु आहार का पर्याप्त भंडारण पाया गया, जिसकी नियमित उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौशाला में मौजूद गोवंशों को स्वयं गुड़ खिलाकर उनकी स्थिति का जायजा लिया और व्यवस्थाओं की संवेदनशीलता परखते हुए कहा कि गौशालाओं का संचालन केवल औपचारिकता नहीं बल्कि पूर्ण जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद, पंचायत सचिव, ग्राम प्रधान सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।