उरई (जालौन)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर का कार्यकर्ता होता है। उन्होंने सभी बूथ अध्यक्षों से आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
डॉ. अनुरागी ने कहा कि भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों के कारण जनता का विश्वास लगातार भारतीय जनता पार्टी के प्रति बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता घर-घर जाकर सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाए।
उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करना होगा। प्रत्येक बूथ अध्यक्ष अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर नए मतदाताओं से संपर्क करें तथा पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें।
सम्मेलन में मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनावों में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर डॉ. घनश्याम अनुरागी का पार्टी पदाधिकारियों द्वारा माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।