फर्जी एवं कूटरचित ईएमडी प्रस्तुत करने वाली चार फर्मों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज

जिलाधिकारी के निर्देश पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जेम निविदा में प्रतिभाग करने वाली चार फर्मों के खिलाफ कार्रवाई, जेम पोर्टल पर किया गया ब्लैकलिस्ट

संवाददाता | कानपुर देहात

कानपुर देहात। शासकीय निविदा प्रक्रियाओं में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद कानपुर देहात में फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर निविदा प्रक्रिया में प्रतिभाग करने वाली फर्मों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई है। जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशों के क्रम में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा जेम (GeM) पोर्टल पर आमंत्रित निविदा में प्रस्तुत की गई ईएमडी (Earnest Money Deposit) के सत्यापन के दौरान चार फर्मों की ईएमडी फर्जी एवं कूटरचित पाई गई।

मामला बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा Manpower Outsourcing Service के अंतर्गत सेवा प्रदाता के चयन के लिए जेम पोर्टल पर आमंत्रित निविदा से संबंधित है। निविदा प्रक्रिया में प्रतिभाग करने वाली फर्मों द्वारा प्रस्तुत ईएमडी के अभिलेखों का सत्यापन जिलाधिकारी के निर्देश पर कराया गया।

संयुक्त टीम ने किया ईएमडी का सत्यापन

जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में बेसिक शिक्षा विभाग, अग्रणी जिला प्रबंधक तथा उपायुक्त, वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) द्वारा संयुक्त रूप से निविदादाताओं की ओर से प्रस्तुत ईएमडी का जांच एवं सत्यापन कराया गया।

जांच के दौरान चार निविदादाताओं द्वारा प्रस्तुत ईएमडी फर्जी एवं कूटरचित पाई गईं। सत्यापन में दस्तावेजों की प्रामाणिकता पर सवाल पाए जाने के बाद संबंधित फर्मों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई।

जांच में निम्न चार फर्मों के दस्तावेज फर्जी एवं कूटरचित पाए गए—

  1. M/s Weaversoft Solutions Private Limited — 101&C Sanjay Gandhi Puram, Faizabad Road, Lucknow।
  2. M/s SBNK Enterprises — Plot No-123, Sanjay Gandhi Puram, Lucknow।
  3. M/s AS Infratech — C-4/14, Shulabh Awas, Gomti Nagar Vistar, Uttar Pradesh।
  4. M/s Gangotri Manpower & Security Agency — 554-A Gangotri Tower, Meerut Road, Ist Floor, Karnal।

जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद हुई कार्रवाई

फर्जी एवं कूटरचित ईएमडी के आधार पर निविदा प्रक्रिया में प्रतिभाग करने वाली उक्त चारों फर्मों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा जांच आख्या सहित पत्रावली जिलाधिकारी कपिल सिंह के समक्ष प्रस्तुत की गई।

जिलाधिकारी द्वारा प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित फर्मों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करने तथा जेम पोर्टल पर ब्लैकलिस्ट किए जाने के संबंध में अनुमोदन प्रदान किया गया।

जिलाधिकारी के अनुमोदन के अनुपालन में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा चारों फर्मों को जेम पोर्टल पर ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की गई। इसके साथ ही फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज प्रस्तुत कर शासकीय निविदा प्रक्रिया में प्रतिभाग करने के मामले में संबंधित फर्मों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज कर अभियोग पंजीकृत कराया गया।

शासकीय निविदा प्रक्रिया में पारदर्शिता पर जोर

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने बताया कि शासकीय निविदा प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं नियमों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निविदादाताओं द्वारा प्रस्तुत किए गए अभिलेखों का विधिवत सत्यापन कराया गया।

उन्होंने कहा कि निविदा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता, फर्जीवाड़े अथवा कूटरचित दस्तावेजों के इस्तेमाल को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। निविदा में प्रतिभाग करने वाले प्रत्येक सेवा प्रदाता के दस्तावेजों की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जांच एवं सत्यापन कराया जाएगा।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि फर्जी अथवा कूटरचित अभिलेखों के आधार पर शासकीय प्रक्रिया में प्रतिभाग करने वाले किसी भी व्यक्ति अथवा फर्म के विरुद्ध नियमानुसार कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई से शासकीय निविदा प्रक्रियाओं में अनियमितता करने वाले लोगों एवं संस्थाओं को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि सरकारी प्रक्रिया में फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करने पर न केवल निविदा से बाहर किया जाएगा, बल्कि नियमानुसार कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *