प्रवक्ता भर्ती प्रारंभिक परीक्षा के केंद्रों का अपर पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण

संवाददाता
उरई/जालौन

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्रवक्ता (पुरुष/महिला) प्रारंभिक परीक्षा-2025 को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक जालौन ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, कंट्रोल रूम, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सुरक्षा, सुचारू प्रवेश व्यवस्था एवं शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।

अपर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि शासन एवं आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि परीक्षा निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *