पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक ने आरक्षी भर्ती परीक्षा केन्द्रों का किया निरीक्षण सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी एवं अभ्यर्थियों की सुविधाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

संवाददाता | कानपुर देहात

उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस/समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से दिनांक 08 जून 2026 को पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) कानपुर रेंज, कानपुर श्री यमुना प्रसाद एवं पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केन्द्रों पर स्थापित सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, फायर फाइटिंग उपकरणों की उपलब्धता, प्रवेश एवं निकास द्वारों पर बनाए गए चेकिंग पॉइंट तथा अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध कराई गई मूलभूत सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, व्यवस्थित एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित हो।

पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री यमुना प्रसाद ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा अवधि के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।

पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने भी परीक्षा की शुचिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत रखने के निर्देश दिए तथा अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण एवं सुविधाजनक परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराने पर बल दिया।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर संजय सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *