परमिट शर्तों का उल्लंघन करने वाली दो बसों पर परिवहन विभाग की कार्रवाई

 

दो बसें निरुद्ध, यात्रियों को रोडवेज बसों से सुरक्षित गंतव्य तक भेजा गया

संवाददाता
उरई/जालौन

उरई। जिलाधिकारी समीर के निर्देश एवं मार्गदर्शन में परिवहन विभाग द्वारा परमिट की शर्तों का उल्लंघन कर संचालित हो रहे वाहनों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए परमिट शर्तों का उल्लंघन करने वाली दो बसों का चालान कर उन्हें निरुद्ध कर दिया।

प्रवर्तन टीम द्वारा दोनों बसों को पुलिस अभिरक्षा में संकट मोचन मंडी चौकी, थाना आटा में खड़ा कराया गया। कार्रवाई के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने बसों में सवार यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा। यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए तत्काल वैकल्पिक परिवहन की व्यवस्था की गई।

दोनों बसों में सवार यात्रियों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) की बसों के माध्यम से सुरक्षित एवं सकुशल उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इस व्यवस्था के चलते प्रवर्तन कार्रवाई के बावजूद यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार ने बताया कि वाहनों की जांच के दौरान परमिट की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध परिवहन, बिना परमिट वाहन संचालन तथा परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वाले वाहन स्वामियों एवं चालकों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। नियम विरुद्ध वाहन संचालित पाए जाने पर संबंधित वाहन स्वामी एवं चालक के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *