संवाददाता | कानपुर देहात
महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं उत्तर प्रदेश, लखनऊ के राज्य तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ के निर्देशानुसार माह मार्च 2026 के द्वितीय बुधवार 11 मार्च 2026 को “नो स्मोकिंग डे” के अवसर पर कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी, कानपुर देहात में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. सिंह ने की।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. डी.के. सिंह, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी (एनसीडी) कानपुर देहात द्वारा किया गया। इस अवसर पर तंबाकू एवं धूम्रपान के सेवन से होने वाली हानियों और दुष्प्रभावों के साथ-साथ इसके बचाव और रोकथाम के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यशाला में उपस्थित लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले कैंसर सहित अन्य गंभीर बीमारियों के बारे में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत कोटपा अधिनियम 2003 एवं पेका अधिनियम 2019 के प्रावधानों की भी जानकारी दी गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. सिंह ने सभी को मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए नियमित व्यायाम, योग, संतुलित आहार और पर्याप्त नींद लेने की सलाह दी।
उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए शासन द्वारा संचालित टेली मानस हेल्पलाइन नंबर 14416 एवं 1800-891-4416 की जानकारी भी दी, जिससे जरूरतमंद लोग चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. सिंह ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तंबाकू और धूम्रपान का सेवन न करने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर डॉ. एस.एल. वर्मा (अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी), डॉ. शलभ मोहन (जिला कुष्ठ रोग अधिकारी), डॉ. आशीष बाजपेई (जिला प्रतिरक्षण अधिकारी), डॉ. आदित्य सचान (उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी) सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।