संवाददाता | कानपुर देहात
एकीकृत वागवानी विकास मिशन योजनान्तर्गत 11 मार्च 2026 को राजकीय अलंकृत उद्यान, आलमचन्द्रपुर, कानपुर देहात में दो दिवसीय किसान मेला एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री (महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग) श्रीमती प्रतिभा शुक्ला तथा भारतीय जनता पार्टी की जिलाध्यक्ष श्रीमती रेणुका सचान द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि का स्वागत जिला उद्यान अधिकारी एवं खाद्यी ग्रामोद्योग अधिकारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर उप कृषि निदेशक, कानपुर देहात सहित मंचासीन अधिकारियों ने भी मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
जिला उद्यान अधिकारी ने किसान गोष्ठी में उपस्थित कृषकों को जनपद में संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ‘पर ड्रॉप मोर क्रॉप’ योजना को अपनाकर जल संरक्षण के साथ-साथ फसल उत्पादन बढ़ाने के महत्व पर प्रकाश डाला।
कृषि विज्ञान केंद्र, दलीपनगर के मृदा वैज्ञानिक डॉ. खलील खान ने मृदा में आवश्यक पोषक तत्वों की जानकारी दी, वहीं शाकभाजी वैज्ञानिक डॉ. आई.एन. शुक्ला ने सब्जी की खेती में लगने वाले रोगों एवं उनके नियंत्रण के उपायों के बारे में कृषकों को अवगत कराया। वरिष्ठ पशुपालन वैज्ञानिक डॉ. शशिकांत ने पशुपालन से जुड़े किसानों को पशुओं में होने वाले रोगों और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उपायों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में लगभग 500 कृषकों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर 10 प्रगतिशील कृषकों को मुख्य अतिथि द्वारा शॉल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जिला उद्यान अधिकारी ने जानकारी दी कि 12 मार्च 2026 को इच्छुक कृषकों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, उर्मदा (कन्नौज) के लिए एक्सपोजर विजिट पर भेजा जाएगा।
कार्यक्रम में जिला उद्यान अधिकारी के साथ हरिशंकर भार्गव (उप कृषि निदेशक, कानपुर देहात), राकेश कुमार (अग्रणी जिला प्रबंधक), डॉ. आई.एन. शुक्ला (शाकभाजी वैज्ञानिक), डॉ. शशिकांत (पशुपालन वैज्ञानिक), केवीके दलीपनगर सहित जिला उद्यान कार्यालय के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।