नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, थाना बरौर पुलिस की कार्रवाई

संवाददाता | कानपुर देहात

जनपद कानपुर देहात में महिला एवं बालिका संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बरौर पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को थाना बरौर में पीड़िता की माता द्वारा लिखित तहरीर देकर अपनी नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म किए जाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर थाना बरौर में मु.अ.सं. 64/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना प्रारंभ की गई।

जांच के दौरान पीड़िता के बयान एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए धाराओं में संशोधन किया। प्रारंभिक धाराओं के स्थान पर धारा 127 बीएनएस तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5(J)(ii)/6 की बढ़ोतरी करते हुए अभियुक्त के विरुद्ध साक्ष्यों के अनुरूप कार्रवाई की गई।

विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना बरौर पुलिस टीम ने शुक्रवार को ग्राम सैदलीपुर में दबिश देकर वांछित अभियुक्त परीक्षित कुमार (21 वर्ष) पुत्र पुत्तु उर्फ ईश्वरी प्रसाद, निवासी ग्राम सैदलीपुर, थाना बरौर, जनपद कानपुर देहात को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूर्ण करने के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। अभियुक्त के विरुद्ध दर्ज मुकदमे में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

पुलिस अभिलेखों के अनुसार, अभियुक्त के विरुद्ध मु.अ.सं. 64/2026 में धारा 65(1), 351(3), 127 बीएनएस एवं धारा 5(J)(ii)/6 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

इस कार्रवाई को थाना बरौर पुलिस की टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया। टीम में थानाध्यक्ष राहुल कुमार, कांस्टेबल अभिनन्दन तथा महिला कांस्टेबल प्रीति शामिल रहीं।

कानपुर देहात पुलिस ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ कठोर एवं त्वरित कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *