अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए पुलिसकर्मियों को सम्मानपूर्वक दी गई भावभीनी विदाई

संवाददाता | कानपुर देहात

जनपद कानपुर देहात पुलिस विभाग में शुक्रवार को अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए पुलिसकर्मियों के सम्मान में पुलिस लाइन स्थित सभागार में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के उत्कृष्ट सेवाकाल की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानपूर्ण जीवन की कामना की।

सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार मिश्रा (एलआईयू) तथा मुख्य आरक्षी नागरिक पुलिस कृष्ण कुमार (पुलिस लाइन) शामिल रहे। दोनों पुलिसकर्मियों ने अपने लंबे सेवाकाल के दौरान पुलिस विभाग में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ अपनी सेवाएं प्रदान कीं।

विदाई समारोह में क्षेत्राधिकारी यातायात विनय कुमार सिंह ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को पुष्पमाला पहनाकर, अंगवस्त्र ओढ़ाकर, प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का दायित्व है। सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने अपने सेवाकाल में अनुशासन, ईमानदारी और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है, जो विभाग के अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

उन्होंने दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु, सुखद पारिवारिक जीवन एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विभाग उनके योगदान को सदैव सम्मान के साथ याद रखेगा।

इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन प्रेमचन्द्र शुक्ला, एलआईयू निरीक्षक रविन्द्र सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के परिजन भी शामिल हुए, जिन्होंने विभाग द्वारा दिए गए सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का समापन सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को भावभीनी विदाई देने तथा उनके जीवन के नए अध्याय के लिए शुभकामनाएं प्रेषित करने के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *