नवीन बाग लगाने का उपयुक्त समय, किसान करें तैयारी : जिला उद्यान अधिकारी फल बागवानी, ड्रिप सिंचाई एवं निःशुल्क बीज योजना का मिलेगा लाभ, 20 जून तक कराएं पंजीकरण

संवाददाता | कानपुर देहात

जनपद कानपुर देहात के किसानों के लिए फल बागवानी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उद्यान विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के तहत नवीन बाग लगाने का उपयुक्त समय शुरू हो गया है। जिला उद्यान अधिकारी डॉ. बल्देव प्रसाद ने किसानों से समय रहते पंजीकरण कर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।

उन्होंने बताया कि एकीकृत बागवानी विकास मिशन एवं मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक मिशन योजना के अंतर्गत आम, अमरूद, नींबू एवं पपीता के बाग लगाने के लिए लक्ष्य प्राप्त हुए हैं। इच्छुक किसान विभागीय पोर्टल पर पंजीकरण कर इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

इसके अतिरिक्त ड्रैगन फ्रूट, कीवी एवं स्ट्रॉबेरी जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों की बागवानी करने के इच्छुक किसानों को भी विभाग में पंजीकरण कराने पर योजना के अंतर्गत लाभान्वित किया जाएगा।

योजना के तहत चयनित किसानों को ड्रिप सिंचाई प्रणाली, आयरन पोल एवं बारबेड वायर (तार फेंसिंग) की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं नवीन बागों में अंतरवर्ती खेती को प्रोत्साहित करने के लिए सब्जी, मसाला एवं औषधीय फसलों की खेती हेतु इच्छुक किसानों को निःशुल्क बीज भी प्रदान किए जाएंगे।

जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि फलों की बागवानी पर राज्य सरकार द्वारा कुल लागत का 40 प्रतिशत अनुदान दिया जाता है। इसके अलावा सब्जी, फूल एवं औषधीय खेती के लिए निःशुल्क बीज उपलब्ध कराने के साथ-साथ ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली पर 65 से 90 प्रतिशत तक अनुदान प्रदान किया जाता है।

उन्होंने जनपद के सभी इच्छुक किसानों से अपील की कि वे 20 जून 2026 तक विकास भवन, माती स्थित कमरा संख्या-315 में स्थापित उद्यान विभाग कार्यालय में आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना पंजीकरण कराएं।

पंजीकरण के लिए आवश्यक दस्तावेज

  • खतौनी की प्रति
  • आधार कार्ड
  • बैंक पासबुक की छायाप्रति
  • फार्मर रजिस्ट्री
  • पासपोर्ट आकार फोटो
  • मोबाइल नंबर

अधिक जानकारी के लिए किसान जिला उद्यान अधिकारी के सीयूजी मोबाइल नंबर 9151066898 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *