नवरात्रि-दशहरा पर सुरक्षा का सख्त पहरा, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

मूर्ति विसर्जन के लिए निर्धारित स्थलों का ही होगा इस्तेमाल, पंडालों में सीसीटीवी और अग्निशमन सुरक्षा अनिवार्य

संवाददाता
कानपुर देहात

आगामी नवरात्रि, महाष्टमी एवं दशहरा (विजयादशमी) पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सुरक्षा, स्वच्छता, बिजली, पेयजल और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दुर्गा पूजा पंडालों को सुरक्षित और परंपरागत स्थलों पर ही स्थापित करने के निर्देश दिए गए। सभी पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, अग्निशमन सुरक्षा मानकों का पालन करने और आवश्यक फायर एनओसी सुनिश्चित करने को कहा गया। आयोजकों को स्वयंसेवक तैनात कर उन्हें पहचान-पत्र देने तथा उनकी सूची संबंधित थाना प्रभारी को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

विसर्जन स्थलों पर तैनात होंगे गोताखोर

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन नदियों में नहीं किया जाएगा। मूर्तियों का विसर्जन केवल निर्धारित एवं चिह्नित स्थलों पर ही कराया जाएगा। इन स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के साथ आवश्यकतानुसार गोताखोर तैनात करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि विसर्जन के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली आदि वाहनों पर श्रद्धालुओं और बच्चों को अनावश्यक रूप से बैठने से रोका जाए, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके। शोभायात्रा मार्गों और विसर्जन स्थलों का पहले से निरीक्षण कर साफ-सफाई, मरम्मत तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने को कहा गया।

पंडालों के आसपास चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान

ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में मंदिरों, दुर्गा पूजा पंडालों तथा सार्वजनिक स्थलों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। आयोजन स्थलों पर स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त प्रकाश और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। विद्युत विभाग को पंडालों में कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके।

डीजे पर अश्लील गाने बजाने पर रहेगी रोक

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रतिमा विसर्जन और शोभायात्राएं पूर्व निर्धारित मार्गों से ही निकाली जाएं तथा किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न की जाए। डीजे का संचालन निर्धारित ध्वनि मानकों के अनुसार कराया जाए। धार्मिक आयोजनों में अश्लील गाने और नृत्य किसी भी स्थिति में न हों। थाना प्रभारियों को डीजे संचालकों को नोटिस जारी कर नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए।

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमों को पंडालों तथा शोभायात्रा मार्गों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाने, नियमित पैदल गश्त करने तथा आवश्यकता के अनुसार सादे कपड़ों में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे शहर में जाम की स्थिति न बने।

जिलाधिकारी ने सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने और भ्रामक सूचना या अफवाह फैलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। विजयादशमी पर रावण दहन के लिए तैयार किए जाने वाले पुतलों में विस्फोटक सामग्री के इस्तेमाल को लेकर भी सतर्क निगरानी रखने को कहा गया।

समस्या होने पर 112 या इस नंबर पर दें सूचना

बैठक में नागरिकों से अपील की गई कि त्योहारों के दौरान किसी समस्या, भ्रामक सूचना या सहायता की आवश्यकता होने पर टोल फ्री नंबर 112 अथवा मोबाइल नंबर 9454457668 पर सूचना दें। अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद ने भी थाना प्रभारियों से तैयारियों की समीक्षा की और सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने धार्मिक आयोजकों, धर्मगुरुओं और गणमान्य नागरिकों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवरात्रि और दशहरा आस्था, सामाजिक सौहार्द एवं सांस्कृतिक परंपराओं के महत्वपूर्ण पर्व हैं। इन्हें शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सद्भावपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, धर्मगुरु एवं धार्मिक आयोजक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *