सात विकास खंडों में लगे ‘सेवा सेतु’ शिविर, एक ही छत के नीचे मिलीं सरकारी योजनाओं की सुविधाएं

प्रमाण-पत्रों से लेकर दिव्यांगजन सहायक उपकरण तक का वितरण, स्वास्थ्य शिविर में जांच के साथ मिलीं दवाएं और चिकित्सीय परामर्श

संवाददाता
कानपुर देहात

शासन के निर्देश और जिलाधिकारी कपिल सिंह के मार्गदर्शन में जनपद कानपुर देहात में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिले के सात विकास खंडों—अकबरपुर, मैथा, रसूलाबाद, अमरौधा, मलासा, सरवनखेड़ा एवं झींझक में शिविर लगाए गए। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों और आम नागरिकों को विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।

कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर लोगों को सरकार की लाभार्थीपरक योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों और कर्मचारियों ने मौके पर ही पात्र लोगों के आवेदन भरवाए तथा दस्तावेजों और पात्रता का सत्यापन किया। नियमानुसार पात्र आवेदकों के आवेदन स्वीकृत किए गए।

मौके पर ही मिलीं योजनाओं से जुड़ी सुविधाएं

सेवा सेतु शिविरों में स्वीकृत आवेदनों के आधार पर लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, दिव्यांगजन सहायक उपकरण और अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई। विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल के माध्यम से नागरिकों को संबंधित योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवश्यक सेवाएं भी उपलब्ध कराईं। इससे लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ पाने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाने का प्रयास किया गया।

स्वास्थ्य शिविर में हुई जांच, मिला चिकित्सीय परामर्श

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी आयोजित किया गया। इसमें नागरिकों की स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श व दवाएं उपलब्ध कराई गईं। अन्य विभागों ने भी अपनी योजनाओं से संबंधित सेवाएं प्रदान कर पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया।

अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना लक्ष्य

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित सेवा सेतु कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और पात्र लोगों को सरल एवं पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से लाभ दिलाना है। जिले के सात विकास खंडों में आयोजित इन शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और नागरिकों ने प्रतिभाग किया। लोगों ने योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने के साथ उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *