विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए चलेगा विशेष अभियान

पहली बार मतदान करने वाले युवाओं पर रहेगा विशेष फोकस, डीएम कपिल सिंह ने राजनीतिक दलों और अधिकारियों से मांगा सहयोग

संवाददाता
कानपुर देहात

आगामी विधानसभा निर्वाचन-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने मतदाता सूची को अद्यतन करने की तैयारियां तेज कर दी हैं। मतदाता सूची में पंजीकरण से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के नाम शामिल कराने के लिए विशेष अभियान चलाने के संबंध में शुक्रवार को बैठक आयोजित की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ अभियान की रूपरेखा और प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए पात्र नागरिकों तक अभियान का संदेश पहुंचाने, मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक योग्य नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर दिया गया।

युवाओं को मतदाता बनने के लिए करें प्रेरित

जिलाधिकारी कपिल सिंह ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से युवाओं और पहली बार मतदान करने जा रहे नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जाए।

उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। मतदाता सूची में पात्र लोगों का नाम दर्ज होना स्वतंत्र, निष्पक्ष और समावेशी निर्वाचन की दिशा में आवश्यक कदम है।

अधिकारियों को समयबद्ध अभियान चलाने के निर्देश

जिलाधिकारी ने संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विशेष अभियान का व्यवस्थित और समयबद्ध संचालन सुनिश्चित किया जाए। पंजीकरण से छूटे पात्र नागरिकों की पहचान कर उन्हें जागरूक किया जाए तथा अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

बैठक में अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के बीच समन्वय स्थापित कर अभियान को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं, जूम मीटिंग के माध्यम से सभी उपजिलाधिकारी तथा जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी भी बैठक से जुड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *