प्रेस विज्ञप्ति | जनपद कानपुर देहात | दिनांक 26 अप्रैल 2026
रिजर्व पुलिस लाइन, आरटीसी कानपुर देहात के प्रांगण में रिक्रूट आरक्षी दीक्षांत परेड समारोह 2025-26 का भव्य एवं गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त रिक्रूट आरक्षियों ने अनुशासित एवं आकर्षक परेड का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री शहाब रशीद खाँ (आई.पी.एस.), पुलिस उप महानिरीक्षक, यू.पी.-112, लखनऊ रहे, जिन्होंने परेड का निरीक्षण कर सलामी ग्रहण की।
कार्यक्रम का विवरण
समारोह का शुभारंभ प्रातः 08:00 बजे परेड कमांडर द्वारा परेड को परेड स्थल पर लाए जाने के साथ हुआ। इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय (आई.पी.एस.) का विधिवत स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि के आगमन पर सुसज्जित टोलियों द्वारा उन्हें सलामी दी गई।
मुख्यमंत्री का संबोधन हुआ सजीव प्रसारित
समारोह के दौरान माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश श्री योगी आदित्यनाथ जी के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया, जिसमें उन्होंने पुलिस बल को आधुनिक, संवेदनशील एवं अपराध के प्रति सख्त रहने का संदेश दिया।
प्रशिक्षण का प्रस्तुतीकरण एवं सम्मान
अपर पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्री आलोक प्रसाद (पी.पी.एस.) द्वारा रिक्रूट आरक्षियों के प्रशिक्षण का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
शपथ ग्रहण समारोह
समारोह के अंतिम चरण में पुलिस अधीक्षक महोदया द्वारा सभी रिक्रूट आरक्षियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के उपरांत सभी टोलियों ने गौरवपूर्ण ढंग से प्रस्थान किया।
पुलिस अधीक्षक महोदया द्वारा मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन में क्षेत्राधिकारी लाइन्स सुश्री प्रिया सिंह (पी.पी.एस.) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारी/कर्मचारीगण, रिक्रूट आरक्षियों के परिजन एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।