दिव्यांगजन सशक्तीकरण हेतु जनपद में लगाए जाएंगे विशेष शिविर

संवाददाता, कानपुर देहात

कानपुर देहात। निदेशालय दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशानुसार जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में जनपद कानपुर देहात में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं से पात्र दिव्यांगजनों को लाभान्वित करने हेतु विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

इन शिविरों में कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना के अंतर्गत ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, वॉकिंग स्टिक, श्रवण यंत्र आदि के लिए पंजीकरण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त कुष्ठ रोगियों हेतु किट, मानसिक रोगियों हेतु किट, राज्य निधि योजना, दिव्यांग दुकान निर्माण एवं संचालन योजना, दिव्यांग शादी-विवाह प्रोत्साहन योजना तथा दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं के आवेदन भी स्वीकार किए जाएंगे।

शिविरों में आवेदन करने के लिए लाभार्थियों को आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, राष्ट्रीयकृत बैंक खाते की पासबुक, दिव्यांग प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति तथा एक पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा।

शिविरों की तिथियां एवं स्थान

  • 16 मई 2026 — तहसील परिसर मैथा
  • 19 मई 2026 — विकास खंड डेरापुर
  • 20 मई 2026 — विकास खंड मलासा
  • 22 मई 2026 — विकास खंड सरवनखेडा
  • 23 मई 2026 — विकास खंड राजपुर
  • 26 मई 2026 — विकास खंड अमरौधा
  • 29 मई 2026 — विकास खंड झींझक
  • 02 जून 2026 — विकास खंड अकबरपुर
  • 03 जून 2026 — विकास खंड सन्दलपुर
  • 06 जून 2026 — तहसील परिसर रसूलाबाद

शिविरों के सफल आयोजन हेतु मुख्य चिकित्साधिकारी, समस्त उप जिलाधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी एवं जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दायित्व सौंपे गए हैं।

जिलाधिकारी कपिल सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजन सरकार की योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *