दिव्यांगजनों की समस्याओं का होगा त्वरित निस्तारण, 21 अक्टूबर को लगेगा मोबाइल कोर्ट

विकास भवन सभागार माती में सुबह 10 से शाम 4 बजे तक होगी सुनवाई, दिव्यांगता प्रमाण पत्र और सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का होगा समाधान

संवाददाता
कानपुर देहात।

दिव्यांगजनों को उनके अधिकारों का लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए 21 अक्टूबर को विकास भवन सभागार, माती में मोबाइल कोर्ट का आयोजन किया जाएगा। राज्य आयुक्त, दिव्यांगजन, उत्तर प्रदेश की ओर से आयोजित इस शिविर में दिव्यांगजनों की समस्याएं सुनकर नियमानुसार समाधान की कार्रवाई की जाएगी।

जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी विनय उत्तम ने बताया कि मोबाइल कोर्ट सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। इसमें दिव्यांगता प्रमाण पत्र, शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश, रोजगार एवं नौकरी में आरक्षण, गरीबी उन्मूलन तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने से संबंधित समस्याओं पर सुनवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 के प्रावधानों के तहत दिव्यांगजनों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और उनके साथ होने वाले भेदभाव को समाप्त करने पर भी जोर दिया जाएगा। मोबाइल कोर्ट के माध्यम से दिव्यांगजनों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने जनपद के सभी दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर विकास भवन सभागार, माती पहुंचकर अपनी समस्याएं राज्य आयुक्त के समक्ष प्रस्तुत करें, ताकि उनका प्रभावी एवं नियमानुसार निस्तारण कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *