राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला और पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी ने किया भूमि पूजन, 25 हजार लोगों को मिलेगा लाभ
संवाददाता
कानपुर देहात।
अकबरपुर-रनिया विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों का करीब 70 वर्षों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। रिन्द नदी पर 14.07 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। रविवार को ग्राम लम्हरा स्थित मां परहुल देवी मंदिर के पास राज्यमंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक प्रतिभा शुक्ला ने पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी के साथ विधि-विधान से भूमि पूजन किया। पुल बनने से आसपास के करीब 25 हजार लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
रिन्द नदी पर पुल न होने के कारण लम्हरा, बुझवा समेत आसपास के गांवों के लोगों को वर्षों से आवागमन की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के दिनों में ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ जाती थी। किसानों को अपनी उपज मंडी तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज जाने तथा मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब सेतु निर्माण से इन समस्याओं से राहत मिलने और ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।
परियोजना के तहत पुल के साथ पहुंचमार्ग, अतिरिक्त पहुंचमार्ग और सुरक्षात्मक कार्य भी कराए जाएंगे। इससे लम्हरा की ओर के करही, कलवारी, भंवरपुर, बनीपारा जोहर, लम्हरा, बनीपारा डगराहा, जनजुड़ुइया, हंसपुर और अंबरपुर सहित बुझवा की ओर के देविपुर, बुझवा सरा, काशीपुर, नरसूजा, साहसी, महतवाबाद, कादरी, भैवन और अपुन समेत कई गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा।
भूमि पूजन से पहले राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला और पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी ने मां परहुल देवी मंदिर में दर्शन-पूजन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान कन्याओं को फल वितरित किए गए। धार्मिक आयोजन के साथ विकास परियोजना की शुरुआत होने से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा।
राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। रिन्द नदी पर पुल बनने से वर्षों पुरानी समस्या दूर होगी और हजारों लोगों का जीवन आसान होगा। उन्होंने परियोजना की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार, निर्माण कार्य अक्टूबर 2026 में शुरू होकर मार्च 2028 तक पूरा किए जाने का प्रस्ताव है। पुल बनने से आवागमन सुगम होने के साथ कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख आशीष मिश्रा, चेयरमैन रामजी गुप्ता, मंडल अध्यक्ष रविन्द्र अवस्थी, संजय द्विवेदी, शिवा पांडेय, बृजेंद्र द्विवेदी, तिलक नायक, कप्तान नायक, अंशुल बाजपेई, प्रमोद शुक्ला, दीपक गुप्ता, मंजुल शुक्ला, रामगोपाल द्विवेदी, पंडित नारायण मिश्रा, शिवशंकर अवस्थी, रामसेवक पाल, रामसजीवन पाल, बिनय नायक, राहुल नायक, कुंदन नायक, अंशु पाल, रामसनेही पाल, लाला पाल, राम सिंह पाल, आशीष शुक्ला, रिंकू मिश्रा और शुभम शुक्ला सहित अन्य लोग मौजूद रहे।