कानपुर देहात के 30 स्वास्थ्य केंद्रों पर लगा मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला, मरीजों की जांच कर वितरित की गईं दवाएं
संवाददाता
कानपुर देहात।
जनपद कानपुर देहात में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला संख्या-275 का आयोजन एक शहरी और 29 ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर किया गया। मेले में पहुंचे मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाएं वितरित की गईं। इस दौरान 50 चिकित्सकों और 122 पैरामेडिकल कर्मचारियों ने सेवाएं प्रदान कीं। मेले में कुल 1854 मरीजों का उपचार किया गया, जिनमें 877 पुरुष, 725 महिलाएं और 252 बच्चे शामिल रहे।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मेले में कोविड हेल्प डेस्क पर 627 लोगों की जांच की गई। किसी भी व्यक्ति में कोविड जांच की आवश्यकता नहीं पाई गई। बुखार से पीड़ित 180 मरीज पहुंचे, जिनमें से 87 की मलेरिया और 34 की डेंगू जांच कराई गई। जांच में कोई भी मरीज मलेरिया या डेंगू से ग्रसित नहीं मिला। इसके अलावा 46 लोगों की नेत्र जांच की गई, जबकि 197 लोगों को तंबाकू छोड़ने की सलाह दी गई।
मेले में सर्दी-जुकाम के 112, पेट संबंधी रोगों के 197 और त्वचा रोगों के 233 मरीज पहुंचे। वहीं, 43 मरीज एनीमिया, 89 मधुमेह और 64 उच्च रक्तचाप से पीड़ित पाए गए। कुल 41 गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के दौरान कोई भी बच्चा कुपोषित नहीं मिला। संभावित क्षय रोग के तीन मरीज चिह्नित किए गए, जबकि 10 मरीजों को बेहतर उपचार के लिए उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया गया। इस दौरान 20 गोल्डन कार्ड भी बनाए गए।
अधिकारियों ने किया स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण
जन आरोग्य मेले के दौरान विभिन्न अधिकारियों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अलग-अलग केंद्रों पर पहुंचकर चिकित्सा सेवाओं और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की।
मेले का उद्देश्य आमजन को उनके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर स्वास्थ्य जांच, उपचार और आवश्यक दवाओं की सुविधा उपलब्ध कराना रहा, ताकि लोगों को प्राथमिक स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।