कुकुरगांव और पहाड़पुरा सहकारी समितियों में उर्वरक स्टॉक एवं वितरण व्यवस्था का लिया जायजा, पर्याप्त खाद उपलब्ध रखने के दिए निर्देश
संवाददाता | उरई/जालौन
जनपद जालौन में किसानों को समय पर एवं सुगमता से उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने शुक्रवार को बहुद्देश्यीय सहकारी समिति कुकुरगांव एवं बहुद्देश्यीय सहकारी समिति पहाड़पुरा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उर्वरक भंडारण, स्टॉक, वितरण व्यवस्था तथा अभिलेखों का गहन निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने समिति परिसर में मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर खाद वितरण की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने किसानों से पूछा कि उन्हें उर्वरक प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है। किसानों ने बताया कि उन्हें उनकी जोत के अनुसार निर्धारित मात्रा में बिना किसी कठिनाई के खाद उपलब्ध कराई जा रही है तथा वितरण व्यवस्था पूरी तरह सुचारु एवं पारदर्शी है।
इस दौरान एक किसान ने बताया कि वह स्वयं ई-रिक्शा से खाद लेकर अपने गांव जा रहा है, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि समितियों पर खाद का वितरण व्यवस्थित ढंग से किया जा रहा है और किसानों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
जिलाधिकारी ने समिति के स्टॉक रजिस्टर एवं वितरण रजिस्टर का बारीकी से अवलोकन किया तथा उपलब्ध अभिलेखों का मौके पर भौतिक सत्यापन भी कराया। निरीक्षण में अभिलेखों के अनुसार उपलब्ध उर्वरक स्टॉक सही पाया गया। दोनों समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध थी और किसानों को शासन के निर्धारित मानकों के अनुसार उर्वरकों का वितरण किया जा रहा था।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद की किसी भी सहकारी समिति पर उर्वरकों की कमी नहीं होनी चाहिए। सभी समितियों में पर्याप्त स्टॉक बनाए रखा जाए तथा किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। उन्होंने कहा कि खाद वितरण में पूरी पारदर्शिता बरती जाए और शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए, ताकि किसी भी किसान को खेती के महत्वपूर्ण समय में खाद के अभाव का सामना न करना पड़े। यदि कहीं किसी प्रकार की समस्या सामने आती है तो उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, एआर कोऑपरेटिव शिव कुमार सहित सहकारिता विभाग के अधिकारी एवं अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।