जिला सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न, ‘माई भारत पोर्टल’ पर अधिकाधिक युवाओं के पंजीकरण के दिए निर्देश

संवाददाता | कानपुर देहात

जनपद कानपुर देहात में जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार की अध्यक्षता में मां मुक्तेश्वरी देवी कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में युवाओं के कौशल विकास, सामाजिक सहभागिता तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘माई भारत पोर्टल’ के प्रभावी संचालन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए अपर जिलाधिकारी अमित कुमार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के अधिक से अधिक युवाओं का ‘माई भारत पोर्टल’ पर पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए, ताकि उन्हें केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, स्वयंसेवी गतिविधियों, कौशल विकास कार्यक्रमों, इंटर्नशिप, नेतृत्व विकास और सामाजिक सेवा से जुड़े अवसरों का अधिकतम लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार क्षमता को सकारात्मक दिशा देने के लिए ‘माई भारत पोर्टल’ एक प्रभावी मंच है। इसलिए सभी विभाग समन्वय स्थापित करते हुए पोर्टल का व्यापक प्रचार-प्रसार करें और अधिक से अधिक युवाओं को इससे जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाएं।

अपर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को शीघ्र ‘ऑन बोर्ड’ किए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप विभागीय कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का नियमित संचालन किया जाए। उन्होंने विद्यालयों, महाविद्यालयों, आईटीआई, पॉलीटेक्निक संस्थानों तथा अन्य शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं का पंजीकरण कराने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप युवा संवाद, स्वयंसेवी अभियान, कौशल विकास प्रशिक्षण, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम तथा राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न आयोजनों की कार्ययोजना पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करते हुए युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

अमित कुमार ने कहा कि ‘माई भारत पोर्टल’ युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके माध्यम से युवा अपनी प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकते हैं। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य प्राप्त करने और नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला नेहरू युवा केंद्र अधिकारी प्रिया तिवारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी नीलम सिद्दीकी, डिप्टी सीएमओ डॉ. आशीष बाजपेई, उपायुक्त उद्योग प्रभात यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने युवाओं को अधिकाधिक संख्या में ‘माई भारत पोर्टल’ से जोड़ने और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए समन्वित रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *