जिला निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का किया मासिक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

सीसीटीवी मॉनिटरिंग सिस्टम का किया निरीक्षण, निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा एवं पारदर्शिता बनाए रखने के दिए निर्देश

संवाददाता | उरई/जालौन

आगामी निर्वाचन प्रक्रियाओं को पूरी तरह सुरक्षित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाए रखने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जनपद मुख्यालय स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस (प्रथम एवं द्वितीय) का प्रस्तावित मासिक स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण तथा निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव का बारीकी से परीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस में रखी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित संरक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी मानकों एवं दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए।

इसके उपरांत जिला निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम लॉग-बुक का अवलोकन करते हुए उसमें अपनी निरीक्षण टिप्पणी भी अंकित की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। इसलिए सभी अधिकारी निर्धारित प्रक्रियाओं का पूर्ण अनुपालन करते हुए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कक्ष में स्थापित सीसीटीवी मॉनिटरिंग सिस्टम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वेयरहाउस की चौबीसों घंटे निगरानी व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीसीटीवी कैमरे, रिकॉर्डिंग सिस्टम एवं सुरक्षा उपकरण हमेशा सक्रिय अवस्था में रहें तथा नियमित रूप से उनकी निगरानी और परीक्षण किया जाता रहे।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसलिए वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था को हर समय प्रभावी बनाए रखा जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही की स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान तलहा मज़हर, ईवीएम सहायक सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *