जिलाधिकारी ने जिला उद्योग एवं व्यापार बन्धु की मासिक बैठक में सुनीं समस्याएं, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

कानपुर देहात | संवाददाता

जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की उपस्थिति में जिला उद्योग एवं व्यापार बन्धु की मासिक बैठक कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जनपद के उद्यमियों एवं व्यापारी बन्धुओं द्वारा प्रस्तुत विभिन्न समस्याओं, सुझावों एवं मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि उद्यमियों एवं व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध एवं संवेदनशीलता के साथ समाधान करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि औद्योगिक क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जाए, जिससे उद्योगों का संचालन सुचारु रूप से हो सके।

जिलाधिकारी ने औद्योगिक क्षेत्रों की सड़कों, नालों एवं नालियों की समय-समय पर मरम्मत एवं सफाई कराने के भी निर्देश दिए। बैठक में आईटीआई उत्तीर्ण प्रशिक्षुओं को अप्रेंटिसशिप से जोड़ने के विषय पर भी चर्चा हुई। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण एवं अप्रेंटिसशिप की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे स्थानीय युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें।

उन्होंने अधिशासी अधिकारी रनियां को निर्देशित किया कि औद्योगिक क्षेत्र में साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए रोस्टर तैयार कर नियमित कार्यवाही सुनिश्चित कराई जाए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने उद्यमी बन्धुओं से बढ़ी हुई न्यूनतम मजदूरी दरों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील की।

जिलाधिकारी ने श्रमिकों को समय पर वेतन भुगतान, वेतन पर्ची उपलब्ध कराने, ओवरटाइम का नियमानुसार भुगतान, बोनस का समय से वितरण तथा समय-समय पर श्रमिकों से संवाद स्थापित करने पर भी बल दिया।

बैठक में व्यापारी बन्धुओं द्वारा अकबरपुर कोतवाली के निकट सर्विस रोड तथा गजनेर में सार्वजनिक शौचालय निर्माण की मांग रखी गई। इस पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने जानकारी दी कि संबंधित प्रस्ताव स्वीकृत हो चुका है और शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।

इसके अतिरिक्त व्यापारी बन्धुओं द्वारा अन्य स्थानीय समस्याएं एवं सुझाव भी प्रस्तुत किए गए, जिन पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, उपायुक्त उद्योग प्रभात कुमार, उपायुक्त राज्यकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, उद्यमी एवं व्यापारी बन्धु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *