जिलाधिकारी ने किया सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों का निरीक्षण, गुणवत्तापरक निर्माण के दिए निर्देश

जनपद जालौन | 13 अक्टूबर 2025 | सूचना विभाग प्रकाशनार्थ

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने आज जनपद में वर्ष 2024-25 की चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण योजना के अंतर्गत चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सैदनगर से अक्षरा देवी माता मंदिर तक 2 करोड़ की लागत से चल रहे चौड़ीकरण कार्य, एट–कोटरा मार्ग के 35 करोड़ की लागत वाले निर्माण कार्य, तथा उरई–कोंच–नदीगांव मार्ग पर 9 किलोमीटर लंबाई में 17 करोड़ की लागत से चल रहे सुदृढ़ीकरण कार्य का बारीकी से निरीक्षण किया।

उन्होंने सड़कों की गुणवत्ता, मोटाई, आरसीसी स्ट्रक्चर एवं बेस लेयर की मजबूती का परीक्षण किया तथा निर्देश दिए कि मार्ग को बीच-बीच में काटकर परतों की गुणवत्ता की जांच की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्यों में कॉम्पेक्शन उचित स्तर पर और तकनीकी मानकों के अनुसार किया जाए ताकि सड़कें दीर्घकालिक रूप से मजबूत और टिकाऊ बन सकें।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कुछ स्थानों पर आरसीसी में दरारें पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अभियंताओं को तत्काल सुधारात्मक कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क के स्लोप को सही ढंग से समायोजित करने तथा कार्य में हर स्तर पर पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड अमित सक्सेना, अधिशासी अभियंता शैलेंद्र राजपूत सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *