नुक्कड़ नाटक और लघु फिल्म से दिया बाल विवाह रोकने का संदेश, महिलाओं को किया जागरूक

मिशन शक्ति 6.0 के तहत कुसमिलिया में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम, बाल विवाह के दुष्परिणामों और महिला सुरक्षा की दी जानकारी

संवाददाता
उरई/जालौन।

मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक जालौन डॉ. ईशान सोनी की अध्यक्षता में ग्राम कुसमिलिया, डकोर में बाल विवाह उन्मूलन एवं महिला सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक और लघु फिल्म के माध्यम से ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह के कारण बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। साथ ही महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा तथा आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरक लघु फिल्म दिखाई गई। इसके माध्यम से बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम और महिला अधिकारों की जानकारी भी दी गई।

अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा प्रदान करने के साथ उनमें आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता विकसित करना है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के प्रति जागरूक होकर सुरक्षित एवं सशक्त वातावरण बनाने में सहयोग करना चाहिए।

कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को आपातकालीन सहायता सेवाओं की जानकारी भी दी गई। इस दौरान वूमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के बारे में बताया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर वे इन सेवाओं का लाभ उठा सकें।

कार्यक्रम के समापन पर महिलाओं, बालिकाओं और उपस्थित ग्रामीणों को बाल विवाह नहीं करने तथा इसके खिलाफ आवाज उठाने की शपथ दिलाई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *