जनपद के समस्त सर्किल स्तर पर ‘परिवार जागृति’ विकेन्द्रित परिवार परामर्श केंद्रों का आयोजन

संवाददाता | कानपुर देहात

कानपुर देहात। रविवार को पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद के समस्त सर्किल स्तर पर संचालित ‘परिवार जागृति’ विकेन्द्रित परिवार परामर्श केंद्रों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पारिवारिक विवादों से संबंधित प्रकरणों में दोनों पक्षों की निष्पक्ष, संवेदनशील एवं धैर्यपूर्वक काउंसलिंग की गई। आपसी संवाद एवं सहमति के माध्यम से पारिवारिक विवादों के सौहार्दपूर्ण एवं स्थायी समाधान का प्रयास किया गया।

जनपद के सर्किल अकबरपुर (पुलिस लाइन), सर्किल रसूलाबाद (थाना शिवली), सर्किल डेरापुर (थाना डेरापुर), सर्किल भोगनीपुर (थाना भोगनीपुर) तथा सर्किल सिकंदरा (थाना सिकंदरा) में आयोजित परिवार जागृति केंद्रों पर प्रशिक्षित महिला परामर्शदाताओं, महिला सुरक्षा दल एवं संबंधित पुलिस अधिकारियों द्वारा पारिवारिक विवादों से जुड़े प्रकरणों की सुनवाई की गई। इस दौरान दोनों पक्षों की काउंसलिंग करते हुए आपसी मतभेद दूर करने तथा परिवार में सामंजस्य स्थापित करने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सर्किल अकबरपुर (पुलिस लाइन) में 06, सर्किल रसूलाबाद (थाना शिवली) में 03, सर्किल भोगनीपुर में 01 तथा सर्किल सिकंदरा में 01 परिवार के बीच आपसी सहमति से समझौता कराया गया। इस प्रकार कुल 11 परिवारों के पारिवारिक विवादों का आपसी सहमति एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से समाधान कराते हुए परिवारों को पुनः एक सूत्र में जोड़ने का प्रयास किया गया।

शेष प्रकरणों में प्रभावी काउंसलिंग करते हुए संबंधित पक्षों को आवश्यक परामर्श दिया गया तथा आगामी सुनवाई के लिए अगली तिथि निर्धारित की गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के क्रम में ‘परिवार जागृति’ विकेन्द्रित परिवार परामर्श केंद्रों के माध्यम से पारिवारिक विवादों का त्वरित, संवेदनशील एवं मानवीय दृष्टिकोण से निस्तारण करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। इन केंद्रों का उद्देश्य परिवारों के बीच संवाद, विश्वास एवं आपसी समझ को बढ़ावा देते हुए पारिवारिक एवं सामाजिक समरसता को मजबूत करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *