संवाददाता | कानपुर देहात
जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट स्थित माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार में जनपदीय स्वास्थ्य समिति के शासी निकाय की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पिछली समीक्षा बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा की गई तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने संस्थागत प्रसव बढ़ाने, मातृत्व मृत्यु दर में कमी लाने तथा जननी सुरक्षा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने तथा मातृत्व मृत्यु के मामलों में प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। सभी एमओआईसी को संस्थागत प्रसव बढ़ाने एवं आरसीएच पोर्टल पर अद्यतन डाटा अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कमजोर एवं कुपोषित बच्चों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही जनपद में संचालित निजी नर्सिंग होम एवं अस्पतालों की जांच के लिए टीम गठित कर सघन निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालन न पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मेडिकल कॉलेज प्राचार्य को छात्रों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा टीवी उन्मूलन अभियान के अंतर्गत गांवों में स्क्रीनिंग अभियान चलाने तथा पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड शत-प्रतिशत बनवाने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने टीकाकरण, आभा आईडी, टीवी उन्मूलन, तंबाकू नियंत्रण एवं राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट समयबद्ध रूप से पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए।
हीटवेव के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने सभी पीएचसी, सीएचसी, जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज में ओआरएस, कोल्ड रूम एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन को हीटवेव से बचाव के लिए जागरूक करने एवं “क्या करें, क्या न करें” संबंधी व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी ए.के. सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी विकास पटेल, एसीएमओ सुखलाल वर्मा, डिप्टी सीएमओ आशीष बाजपेयी, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित सभी एमओआईसी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।