जनपद जालौन, 25 मार्च 2026 (सूचना विभाग प्रकाशनार्थ)
संभावित भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक कर जनपद में पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं स्वच्छता व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं।
जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में लगे सभी हैंडपंपों का व्यापक सर्वे कराया जाए और जो हैंडपंप खराब या बंद हैं, उन्हें तत्काल रिबोर कराकर चालू कराया जाए, ताकि पेयजल संकट उत्पन्न न हो। वहीं शहरी क्षेत्रों में जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कहीं भी पानी की कमी न होने पाए। साथ ही प्रमुख चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर वाटर कूलर स्थापित कराने तथा खराब पड़े वाटर कूलरों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए।
विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को जर्जर पोल, ढीले तार एवं अन्य तकनीकी कमियों का तत्काल सर्वे कर उन्हें ठीक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में निर्बाध और सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।
स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, जिससे जनस्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। इसके अतिरिक्त उन्होंने जनपद की पुलियों एवं सड़कों से जुड़ी संरचनाओं का सर्वे कर जर्जर पुलियों, टूटी रेलिंग आदि की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनहित से जुड़े इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने तथा प्रगति की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।