ग्राम पंचायत मोहाना में ग्राम लीगल एड क्लीनिक का उद्घाटन, ग्रामीणों को दी गई विधिक जागरूकता की जानकारी

कानपुर देहात।
माननीय उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ से प्राप्त निर्देशों के क्रम में तथा माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर देहात के मार्गदर्शन में तहसील अकबरपुर की ग्राम पंचायत मोहाना में ग्राम लीगल एड क्लीनिक का उद्घाटन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर देहात की सचिव श्रीमती नूपुर श्रीवास्तव द्वारा किया गया।

इस अवसर पर सचिव श्रीमती नूपुर श्रीवास्तव ने बताया कि ग्राम लीगल एड क्लीनिक का मुख्य उद्देश्य ग्राम स्तर पर विधिक जागरूकता को बढ़ावा देना तथा छोटे-छोटे दीवानी एवं पारिवारिक विवादों का न्यायालय तक पहुंचने से पहले ही आपसी संवाद, समझदारी एवं सहमति के माध्यम से सौहार्दपूर्ण समाधान कराना है। इससे अनावश्यक मुकदमेबाजी में कमी आएगी और ग्रामीणों को शीघ्र न्याय प्राप्त हो सकेगा।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ग्रामीण महिलाओं, बुजुर्गों एवं अन्य उपस्थित नागरिकों को महिलाओं के अधिकारों, उनके साथ होने वाले उत्पीड़न की स्थिति में उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता तथा संबंधित कानूनी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सभी से छोटे-छोटे विवादों का समाधान आपसी संवाद एवं समझौते के माध्यम से करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में तहसीलदार अकबरपुर पवन कुमार, सहायक विकास अधिकारी विमल सचान, ग्राम विकास अधिकारी प्रदीप कुमार शुक्ला, पुष्पेन्द्र कुमार यादव (लिपिक), जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर देहात के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *