खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, तेल-घी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे

संवाददाता, उरई/जालौन | दिनांक: 07 मई 2026

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ एवं जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देश पर जनपद जालौन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम द्वारा मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है।

सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न बाजारों में छापेमारी कर खाद्य तेल एवं घी के नमूने संग्रहित किए। इस दौरान कालपी तहसील के टर्नन गंज स्थित दीपक ट्रेडर्स से पामोलीन ऑयल (रुचि गोल्ड), जालौन तहसील के ज्वालागंज स्थित पुरवार एंड संस से वनस्पति, राम मोहन के प्रतिष्ठान से पारस घी तथा बृज नारायण कुलदीप कुमार के प्रतिष्ठान से रिफाइंड पामोलीन तेल (राग गोल्ड) के नमूने लिए गए।

इसके अलावा कोंच तहसील के मियां गंज स्थित राकेश कुमार मित्तल के प्रतिष्ठान से रिफाइंड सोयाबीन ऑयल (महाकोष) का नमूना भी संग्रहित कर परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया।

अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि नमूने मानक के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं, तो संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा यह अभियान लगातार जारी है और आगामी त्योहारों के दृष्टिगत जिले के विभिन्न बाजारों में नियमित निरीक्षण किया जाएगा, ताकि आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।

इस दौरान सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल यादव, सुनील कुमार एवं महेश प्रसाद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *