जनपद जालौन, 29 जून 2026 (सू0वि0)
विद्यार्थियों की सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन तथा कोचिंग संस्थानों में आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई कार्रवाई के उपरांत उरई विकास प्राधिकरण द्वारा कोचिंग संस्थानों के नियमानुसार संचालन हेतु हेल्प डेस्क स्थापित की गई है।
सचिव उरई विकास प्राधिकरण परमानंद यादव ने बताया कि विकास प्राधिकरण कार्यालय में स्थापित इस विशेष हेल्प डेस्क पर सीज किए गए कोचिंग संस्थानों के संचालक एवं भवन स्वामी आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत कर अपनी कमियों का निराकरण करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान जिन कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा एवं अन्य अनिवार्य मानकों का पालन नहीं पाया गया था, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई थी। अब ऐसे संस्थानों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करें।
सचिव ने स्पष्ट किया कि संस्थानों को अग्निशमन विभाग का अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC), पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षित प्रवेश एवं निकास (एंट्री-एग्जिट), बैठने की समुचित व्यवस्था तथा भवन एवं सुरक्षा मानकों से संबंधित सभी आवश्यक प्रपत्र हेल्प डेस्क पर जमा करने होंगे। सभी अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं की जांच के उपरांत सक्षम प्राधिकारी द्वारा नियमानुसार संचालन की अनुमति पर विचार किया जाएगा।
उन्होंने सभी कोचिंग संचालकों एवं भवन स्वामियों से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि के भीतर आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर लें, जिससे विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं मानकानुसार शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके तथा भविष्य में किसी प्रकार की प्रशासनिक कार्रवाई की आवश्यकता न पड़े।