उरई/जालौन | संवाददाता
जनपद जालौन में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना कुठौन्द पुलिस ने एटीएम मशीनों से छेड़छाड़ कर चोरी करने की योजना बना रहे गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, नकदी, मोटरसाइकिल एवं चोरी में प्रयुक्त होने वाले उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी एटीएम मशीनों से छेड़छाड़ कर चोरी की योजना बना रहे थे। सूचना के आधार पर थाना कुठौन्द पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे (.315 बोर), दो जिंदा कारतूस (.315 बोर), दो मिस कारतूस (.315 बोर), 1,300 रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल तथा एटीएम में चोरी करने के उपकरण बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।