पुलिस अधीक्षक ने पीड़ितों को सम्मानपूर्वक बैठाकर सुनी समस्याएं, न्याय का दिलाया भरोसा
संवाददाता
कानपुर देहात।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने गुरुवार को अपने कार्यालय में जनसुनवाई करते हुए विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे फरियादियों एवं पीड़ितों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं। उन्होंने फरियादियों को सम्मानपूर्वक बैठाकर उनकी समस्याओं को विस्तार से समझा और संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्रों का न्यायपूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों को उनकी समस्याओं के उचित समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रार्थना पत्र पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए और शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
एसपी ने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक मामले में तथ्यों की जांच करते हुए न्यायोचित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही निर्धारित समय सीमा के भीतर शिकायतकर्ता को कार्रवाई से अवगत कराने पर भी जोर दिया गया।
क्षेत्राधिकारियों ने भी अपने कार्यालयों में की जनसुनवाई
इसी क्रम में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारीगण द्वारा अपने-अपने कार्यालयों में जनसुनवाई की गई। इस दौरान फरियादियों एवं पीड़ितों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा संबंधित मामलों में न्यायोचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया।
क्षेत्राधिकारियों द्वारा संबंधित थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शिकायतों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा जनसुनवाई के माध्यम से आमजन की समस्याओं का समाधान करने तथा पीड़ितों को त्वरित एवं निष्पक्ष न्याय दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।