कानपुर देहात, 14 मार्च 2026।
उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती–2025 के अंतर्गत आयोजित लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक आलोक सिंह, जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय द्वारा जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, फायर फाइटिंग उपकरणों की उपलब्धता, प्रवेश एवं निकास द्वारों पर चेकिंग व्यवस्था तथा अभ्यर्थियों के लिए की गई सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
अपर पुलिस महानिदेशक ने परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के भी निर्देश दिए, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर संजय सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।