संवाददाता, कानपुर देहात | दिनांक: 24 अप्रैल 2026
जनपद कानपुर देहात में यूपी-112 में तैनात आरक्षी स्वर्गीय कुनाल भारती (29 वर्ष) को पुलिस लाइन, कानपुर देहात में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनकी असामयिक मृत्यु से पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरक्षी कुनाल भारती, पुत्र स्वर्गीय राजू, निवासी ग्राम उमरी थाना कोतवाली सदर, जनपद फतेहपुर, दिनांक 23 अप्रैल 2026 को पीआरवी की प्रथम शिफ्ट की ड्यूटी समाप्त कर मोटरसाइकिल से अपने आवास की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अकबरपुर कस्बे के पास शहजादपुर क्षेत्र में एक क्रेन से उनकी सड़क दुर्घटना हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पीआरवी टीम मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल जिला अस्पताल अकबरपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस सड़क दुर्घटना में आरक्षी कुनाल भारती का निधन हो गया।
पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात, श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देश पर पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जहां पार्थिव शरीर को पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने उन्हें सलामी दी।
श्रद्धांजलि सभा में अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारीगण सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, साथी जवान एवं पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके पश्चात पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव के लिए रवाना किया गया।
आरक्षी कुनाल भारती वर्ष 2018 बैच के सिपाही थे और अपने कर्तव्यों के प्रति पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्यरत रहे। उनकी इस आकस्मिक मृत्यु से पुलिस विभाग गहरे शोक में है। पुलिस परिवार ने दिवंगत के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्मा को शांति एवं परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।