संवाददाता | उरई/जालौन
आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में योग दिवस के आयोजन की रूपरेखा, आवश्यक व्यवस्थाओं एवं जनसहभागिता बढ़ाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली को अपनाने का एक महत्वपूर्ण जनअभियान है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम संचालित कर अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ा जाए।
उन्होंने विद्यालयों, महाविद्यालयों, सरकारी कार्यालयों, ग्राम पंचायतों एवं सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि योग का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचना चाहिए, जिससे यह अभियान जनआंदोलन का रूप ले सके।
बैठक में आयोजन स्थल पर पेयजल, साफ-सफाई, बैठने की समुचित व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं एवं सुरक्षा प्रबंध समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के लिए कहा गया, ताकि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने बताया कि योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, स्वयंसेवी संस्थाएं एवं आमजन बड़ी संख्या में सहभागिता करेंगे। उन्होंने कहा कि योग शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का प्रभावी माध्यम है और वर्तमान समय में इसकी उपयोगिता और भी बढ़ गई है।
उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने का आह्वान करते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति और परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया ने अपनाया है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवन, सकारात्मक सोच एवं अनुशासित दिनचर्या अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सकता है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह सहित जनपद के समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।