संवाददाता, उरई/जालौन
अंतरराष्ट्रीय एमएसएमई दिवस के अवसर पर जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, उरई में माननीय सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में जनपद स्तरीय वृहद ऋण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के अंतर्गत आनन्द तिवारी, दीपिका, गीता देवी, ममता देवी एवं अंकित कुमार को अपना-अपना उद्यम स्थापित करने हेतु कुल 5 लाख रुपये का ऋण वितरित किया गया। इसके अतिरिक्त, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना एवं एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) वित्त पोषण योजना के अंतर्गत कुल 2 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत एवं वितरित किए गए।
इस अवसर पर सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा ने लाभार्थियों को स्वरोजगार स्थापित करने एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं एवं उद्यमियों को स्वरोजगार के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है। उन्होंने लाभार्थियों से इन योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाकर अपने व्यवसाय को विकसित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन उपायुक्त उद्योग धर्मेन्द्र कुमार भास्कर द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित लोगों को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार एवं उद्यमिता विकास योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में सहायक आयुक्त उद्योग हेमन्त कुमार, कनिष्ठ सहायक रजत गौतम, सीएम युवा फैलो शशिकान्त बबेले एवं भूपेन्द्र पाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।