MLC चुनाव को लेकर पुलिस अलर्ट, ASP डॉ. ईशान सोनी ने पोलिंग बूथों का लिया जायजा

कालपी और महेवा के मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश, चेकिंग और फ्रिस्किंग में सतर्कता बरतने पर जोर

संवाददाता
उरई/जालौन।

विधान परिषद (MLC) चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए जालौन पुलिस सतर्क है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक जालौन डॉ. ईशान सोनी ने नगर पालिका परिषद कालपी और विकासखंड महेवा स्थित पोलिंग बूथों का जायजा लिया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर तैनात पुलिस बल को सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

चेकिंग और फ्रिस्किंग में सतर्कता बरतने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने तथा मतदाताओं की चेकिंग और फ्रिस्किंग के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही निर्वाचन आयोग की ओर से जारी आदर्श आचार संहिता के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

लापरवाही न बरतने की हिदायत

डॉ. ईशान सोनी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान पुलिस बल पूरी मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करे, ताकि मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की हिदायत दी।

पुलिस प्रशासन का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना तथा मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *