संवाददाता | कानपुर देहात
जनपद कानपुर देहात में आयोजित उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स एनरोलमेंट लिखित परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय ने परीक्षा केंद्र अकबरपुर इंटर कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों के प्रवेश, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, प्रकाश, वेंटिलेशन, साफ-सफाई तथा सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। साथ ही प्रश्नपत्र एवं उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा, ड्यूटी पर तैनात कार्मिकों की उपस्थिति और सुरक्षा प्रबंधों की भी समीक्षा की।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने केंद्र व्यवस्थापकों, पर्यवेक्षकों, कक्ष निरीक्षकों एवं पुलिस बल को निर्देश दिए कि परीक्षा की गोपनीयता, शुचिता और समयबद्धता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने अभ्यर्थियों के साथ शालीन एवं सहयोगपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी तरह नकल-विहीन एवं नियमों के अनुरूप संपन्न कराई जाए। परीक्षा कक्षों में किसी भी प्रकार की अनधिकृत सामग्री या इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए परीक्षा केंद्रों के बाहर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी, भीड़ प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न हो और शांति व्यवस्था बनी रहे।
इसके अतिरिक्त, प्रश्नपत्रों के वितरण एवं संग्रहण की प्रक्रिया को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार कड़ी निगरानी में संचालित करने तथा परीक्षा समाप्ति के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित तरीके से सील कर निर्धारित स्थान तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा पूर्णतः निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न होनी चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, कक्ष निरीक्षक एवं पुलिस बल के अधिकारी मौजूद रहे।