संवाददाता, कानपुर देहात |
जनपद कानपुर देहात में मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार कक्ष, कलेक्ट्रेट में प्रभारी मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद की अध्यक्षता में प्रशिक्षु अभ्यर्थियों के टोली कमांडर, पीटीआई एवं एटीआई के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मंत्री प्रतिभा शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान, अन्य जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान प्रभारी मंत्री ने प्रशिक्षु अभ्यर्थियों से संवाद स्थापित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया तथा प्रशिक्षण की गुणवत्ता, अनुशासन और कार्यकुशलता को और सुदृढ़ बनाने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान और अनुभव भविष्य में कर्तव्यों के निर्वहन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने भी अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए उनका मार्गदर्शन किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अंत में प्रभारी मंत्री ने सभी प्रशिक्षु अभ्यर्थियों को पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी विकास पटेल, क्षेत्राधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।